सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

आसानी से बनें समाज के सफल इंसान

 

 अगर आप भी समाज के सफल इंसान बनना चाहते हैं तो अपनाए ये स्टेप्स और लहरायें अपनी प्रसिद्धि का परचम। 
समाज के प्रसिद्ध लोगों के गोपनीय साक्षात्कार और शोध पर आधारित सबसे सटीक कार्ययोजना 
1. सबसे पहले समाज मे प्रसिद्ध और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ( सत्ता पक्ष) के लोगों तथा अधिकारियों की एक लिस्ट बनाये।
2. उनके आगामी कार्यक्रमो की जानकारी जुटाएं और अपने किसी परिचित के माध्यम से उनका माल्यार्पण का अवसर तलाशें। माल्यार्पण की फ़ोटो जरूर निकलवायें और फेसबुक पर साझा कर दें।
3. कार्यक्रम के बाद उनके घर मुलाकात की कार्ययोजना बनाये और मुलाकात करें भले ही आपको चार छः बार निराश होकर लौटना पड़े पर हिम्मत न हारें जब मुलाकात हो तो आप उनके व्यक्तितव की जमकर तारीफ करें। इसकी फ़ोटो खिंचवाने के लिए एक साथी जरूर लेकर जाएं और तुरंत फेसबुक पर साझा करें। 
4. मुलाकात का सिलसिला लगातार बनाये रखें केवल चेहरा दिखाते रहें। भले ही दो चार बार दुत्कार दिये जायें पर हिम्मत न हारें लगातार मिलते रहें जब दुत्कार और उपेक्षा बंद हो जाये और आपसे आपका नाम लेकर बात शुरू हो जाये और पूंछा जाए कि क्या काम है तो कहें कि बस प्रणाम कर आशीर्वाद लेने चले आये हैं और  मौका देखकर अपना नंबर उनके मोबाइल में सेव करवा दें जब आप सूची में दो तीन से अच्छे संबंध बना लें तो शेष से नाता तोड़ लें।
5. अब अपने खास प्रतिनिधि या अधिकारी की ब्रॉडकास्ट बना लें और सुबह उठकर एक बढ़िया संदेश भेजते रहें बीच बीच मे उनके कार्यक्रमो की तारीफ के व्यक्तिगत संदेश करते रहें ताकि उन्हें लगे कि यह व्यक्ति उनका टॉप फैन है साथ ही  अपने काम और उपलब्धियां (जो आपने कभी की ही न हो वो भी ) तथा उनके विरोधयों की सूचनाएं भी भेजते रहें।
6. उनके घर में लोगों से सुनी बातों को अपने सामने की घटना बताकर प्रतिदिन समाज मे साझा करें साथ ही प्रतिदिन उनके कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त कर समाज के लोगों को बताएं कि आज विधायक जी फलानी फलानी जगह रहेंगे समय हो तो एक दो जगह जाकर कार्यक्रम स्थल की सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर डालते रहें ताकि लोगों को लगे कि आप उनके अत्यंत नजदीक हैं।
7. अपने मित्रों को एक दो बार साथ ले जाकर उनका प्रणाम करवाएं ताकि आपकी बातों के ज्यादा गवाह तैयार हों और वह ही आपके प्रचारक बनें पर ज्यादा बार ले जाने का जोखिम न लें अन्यथा कोई कमीना दोस्त आपको रिप्लेस कर देगा।
8. जब संबंध अच्छे हो जाएं तो एक दो बार उनके कार्यक्रमो की व्यवस्था (उनका बर्थ डे बच्चों का बर्थडे उनकी टूर टिकट आदि) करवा दें। उनके साथ रसूख बाले लोगों के यहां बिना निमंत्रण जा धमकें और वहां से लाइव करके बाद में वीडियो और फ़ोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दें
9. अब तक समाज मे आपके साथ जुड़ने बाले और आपको नमस्ते करने बालों की संख्या काफी अधिक हो चुकी होगी इसका मतलब है आप समाज के चुनिंदा प्रतिष्ठित लोगों में शामिल हो चुके हैं। केवल प्रतिष्ठा के इच्छुक लोग यहीं तक के स्टेप फॉलो करें। पैसा बनाने के इच्छुक लोग आगे बढ़े।
10. समाज मे सक्रिय विभिन्न सामाजिक मंचो के अध्यक्षो से संपर्क कर उन्हें चाय पिलाएं, अध्यक्षों की तारीफ में कसीदे पढ़े और किसी कार्यक्रम में समाजसेवी के रूप में स्वयं के बुलाने का आग्रह करें कार्यक्रम में आर्थिक सहायता का संकेत प्रदान कर दें और कुछ धनराशि या पूरा कार्यक्रम स्पॉन्सर कर दें। जिससे आपका सामाजिक मंचों से सम्मान होना प्रारंभ हो जाएगा इससे संगठन और आप दोनो को फायदा होगा
11. अब आपसे मिलने बाले आपसे  अपने कुछ काम करवाने को कहेंगे। प्रारंभ में अपने उन खास अधिकारी/नेता से गिड़गिड़ाकर और प्रार्थी से अपनी दोस्ती या रिश्तेदारी का हवाला देकर काम करवा लें। जिसका काम करवाया है  खर्चा पानी उसी से करवाएं क्योंकि अभी तक आपका काफी पैसा खर्च हो चुका होगा।
12. दो चार काम के बाद उनके सचिव /स्टेनो/ पी आर ओ या दलाल से बात करें कि कुछ लोग पैसा देकर काम करवाना चाहते हैं, उससे सेटिंग स्थापित कर लें अब उसके मांगे पैसे में अपना हिस्सा जोड़कर काम करवाना शुरू कर दें इससे आपकी नियमित आय शुरू हो जाएगी और आप स्टेनो के खास लोगों में हो जाएंगे। काम के लिए अधिकारियों के पास स्टेनो से फोन करवाकर स्वयं जाएं और उसे बताएं कि आप उनके खास हैं यहां पर अफसर के स्टेनो से भी परिचय बड़ा लें भविष्य में उसे भी सेट करना होगा इसका ध्यान रखें। क्योंकि नेता जी का स्टेनो या बड़े अफसर का स्टेनो हर बार आपके लिए फोन नहीं करेगा। 
13. फाइनेंस करवाकर बड़ी सी गाड़ी से चलना प्रारंभ कर दें समाज के सामान्य और गरीब लोगों से मिलना कम कर दें ज्यादातर लखनऊ के दौरे पर रहें (न रहें तो लोगों को लखनऊ रहने की कहानियाँ सुनाते रहें)और अधिक से अधिक ऐसे काम के लोगों से मिलते रहें।

14. अपने परिचित से सिफारिश करवाकर उंसके स्टेनो और अफसर के स्टेनो के माध्यम से अपने नाम या पत्नी के नाम कोई ठेका या सरकारी टेंडर आदि ले लें टेंडर में जमकर पैसा कमाए  और तुरंत प्लॉट बुक करा दें अगर आप नौकरी में हो तो आफिस जाना छोड़ दें विश्वास रखें अब कोई आपकी शिकायत करने का साहस नहीं कर पायेगा और अगर कर भी दे तो आप अपने पिता तुल्य माननीय या अधिकारी के स्टेनो से अपने वरिष्ठ अधिकारी को अच्छे से समझवा दें। 
15. अब जमकर सरकारी सिस्टम में पैसा कमाएं अफसर और स्टेनो को उनका हिस्सा देते रहें कमाए पैसे से आलीशान मकान बनवा लें। एक से अधिक गाड़ी फाइनेंस करा लें।
16. सरकार या अधिकारी के बदलने की संभावनाओं का अध्ययन करते रहें अगर सरकार/अधिकारी बदलने की संभावना हो तो विपक्ष के नेताओ के प्रति मृदु होना शुरू कर दें सरकार/अधिकारी बदलते ही नए मुखिया के साथ क्रमांक 2-8 तक कि प्रक्रिया दोहराएं। इस तरह आप एक सफल पैसे बाले बन जाएंगे

नॉट- यह केवल व्यंग्य मात्र है इस तरह के कार्यों से आपकी सामाजिक फजीहत हो सकती है आपके परिवार की प्रतिष्ठा धूमिल हो सकती है आपके माता पिता के संस्कारों पर उंगलियाँ उठ सकती हैं।  कुछ लोग जो अपने सम्मान की चिंता नहीं करते है वह इस तरह के कामो से पैसा कमाते हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आर्टिफीसियल वनाम ओरिजिनल इंटेलीजेंस

पिछले दो दशकों में ज्ञान की उपलब्धता अत्यंत सहज और सरल हो चुकी है। एक एंड्राइड फोन और एक इंटरनेट कनेक्शन से आप दुनियाँ के हर ज्ञान को एक्सेस कर सकते हैं। पहले गूगल बाबा और अब  आर्टिफिशल इंटेलीजेंस नें लोगों के हर प्रश्न का उत्तर उपलब्ध करा दिया है, अब लोगों के दिमाग़ में कोई भी प्रश्न आता है तो वह झट से गूगल कर लेते हैं। बहुत से लोगों का मानना है कि तकनीकी नें समाज में ज्ञान के एकाधिकार को समाप्त कर दिया है और ज्ञान की पहुँच अब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुँच गई है, कई एक्टिविस्ट इसे एक क्रान्तिकारी परिवर्तन मानते हैं और कहते हैं कि सोशल मीडिया के आने के बाद लोग अपने अधिकारों को जानने लगे हैं और अब उन्हें मूर्ख बनाना आसान नहीं होगा, पर क्या सच में ऐसा हो रहा है?           गूगल और आर्टिफिशल एंटीलिजेंस का ज्ञान डेटा पर आधारित है और यह डेटा भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म , वेबसाइट  या विभिन्न पोर्टल पर उपलब्ध डेटा से लिया जाता है अगर यह डेटा सही होगा तो गूगल का सर्च परिणाम भी सही होगा और अगर यह डेटा कूटरचित और भ्रामक  होगा तो उत्तर भी गलत होने क...

मोबाइल है तो निगरानी में हो

दो घटनाये देखिये  इनकम टैक्स डिपार्टमेंट नें ai की मदद से लाखों टैक्स चोरी करने बालों को नोटिस भेज दिया  कर्नाटक में इनकम टैक्स नें छोटे व्यापरियों को लाखों के नोटिस थमाए तो दुकानदारों क्यू आर कोड दुकान से हटाए।  ये तो एक ट्रेलर मात्र है अभी पिक्चर बाक़ी है  2007 के लगभग दलजीत चौधरी जी  इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बने थे उसी समय  नया नया मोबाइल आया था और चम्बल के डकैतो और उनके मुखबिरों के लिए अच्छी सुविधा बन गई । तत्कालीन एस टी एफ और एस ओ जी से जुड़े लोग बताते हैं कि एसएसपी साहब नें इसी टेक्नोलॉजी को डकैत विहीन इटावा के लिए हथियार बना लिया और मोबाइल तकनीक के सहारे ही सभी डकैत मुखबिरी की दम पर निपटा दिए गए।  समय बदला और मल्टीमीडिया एंड्राइड फोन आये और अम्बानी नें सस्ते रिचार्ज और इंटरनेट से लोगों की दुनियाँ बदल दी। सोशल मीडिया पर जुड़ने की ललक नें हर हाँथ में मल्टीमीडिया मोबाइल आ गया अब बारी थी सरकार द्वारा इसी तकनीक को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की।  बैंक नें अपने कस्टमर को एस एम एस सुविधा के लिए नंबर माँगा, अधिक लेनदेन के लिए पेन कार्ड बनबाने...

घास नुचवा

उस समय उनकी उम्र 59 साल की थी शरीर दुबला पतला पर गजब की फुर्ती वाला था वो जूनियर स्कूल में प्रधानाध्यापक थे और नाम था कामता प्रसाद ।मन बचन और कर्म से स्कूल को समर्पित या यूँ कहे कि स्कूल और शिक्षा उनकी आत्मा में बसती थी उनका विद्यालय सरकारी होने के बाबजूद इलाके के सबसे अच्छे स्कूल में गिना जाता था और क्यूँ ना गिना जाये सुबह से लेकर शाम तक वो अपना सारा काम जिम्मेदारी से पूरा करते थे ।बच्चो से उन्हें बहुत प्यार था इसलिए बच्चो की उपस्थिति भी शत प्रतिशत रहती थी  शिक्षा विभाग के कई बड़े अधिकारी उस स्कूल में आकर मास्टर साहब की तारीफ कर चुके थे ।मास्टर साहब अपने रिटायरमेंट के नजदीक पहुँच कर बड़ा सुकून महसूस करते थे और कहते थे कि अपना काम ईमानदारी से करो तो रात को नींद बहुत अच्छी आती है फिर अगर मैंने अच्छा किया होगा तो ऊपर वाला भी मेरे साथ अच्छा ही करेगा     सरकार शिक्षा के प्रति बहुत गंभीर थी इसलिए उसने गरीब बच्चो को अनिवार्य शिक्षा के लिए शिक्षा अधिकार अधिनियम कानून लागू कर दिया और शिक्षा विभाग के अधिकारी उस अधिनियम की शर्तो और निर्देशों का पालन करवाने के लिए लगातार विद्यालयो...